Loading...

मानसून मचा रहा तबाही; बारिश से आधा सूरत डूबा, गुरुग्राम में नेशनल हाईवे धंसा, जानें किन राज्यों में आफत बनी बारिश

मानसून मचा रहा तबाही; बारिश से आधा सूरत डूबा, गुरुग्राम में नेशनल हाईवे धंसा, जानें किन राज्यों में आफत बनी बारिश

Follow us

Share

नई दिल्ली/जयपुर। राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश भर में सक्रिय हुए दक्षिण-पश्चिम मानसून गर्मी और उमस से राहत दिलाने के साथ भारी तबाही भी मचा रहा है। कई राज्यों में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाएं सामने आई हैं। जम्मू-कश्मीर के डोडा में बादल फटने, केरल के वायनाड में भूस्खलन और हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बादल फटने की घटनाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं गुजरात में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ गए है। सूरत में 36 घंटे में 18 इंच बारिश हुई। शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए है। सड़कों पर कारें बह गईं। बाढ़ प्रभावित इलाकों से करीब 2100 लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया। वहीं दिल्ली से सटे गुरुग्राम के कई इलाकों में दो-दो फीट पानी भर गया। बारिश के चलते दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 धंस गया है, जिसके कारण 10 किमी लंबा जाम लगा गया। इधर, राजस्थान के जालोर में एक जीप नदी में पलट गई। चित्तौड़गढ़ में बिजली गिरने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार शाम को पांच मंजिला इमारत ढह गई।

वायनाड में भूस्खलन- 4 की मौत, कई लापता

केरल के वायनाड जिले की मेप्पाडी ग्राम पंचायत में कल्लाडी टनल निर्माण स्थल पर भूस्खलन होने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और कई लापता हैं। नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), पुलिस, फायर एंड रेस्क्यू सर्विस और अन्य सरकारी विभागों सहित कई एजेंसियां ​​खोज और बचाव अभियान में जुटी हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के ठाठरी में सोमवार की रात बादल फटने से आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। भारी सैलाब के बीच भूस्खलन हुआ। पहाड़ से मलबे के साथ पत्थर और भारी चट्टानें गिरीं। कम से कम 10 घर, 25 से अधिक दुकानें और कई वाहन मलबे में दब गए। कई इमारतों का अधिकांश हिस्सा टूट गया है।

दिल्ली-मुंबई में भारी बारिश, कई फ्लाइट्स प्रभावित

दिल्ली और मुंबई में हो रही भारी बारिश का असर फ्लाइट्स पर भी पड़ा है। कई उड़ानों में देरी हुई है। इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने यात्रियों से एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट का स्टेटस चेक करने और थोड़ा पहले निकलने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 7 से 9 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया है।

Advertisement

अरुणाचल में बाढ़-लैंडस्लाइड से 26 जिलों के लोग प्रभावित

अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश से बाढ़ और लैंडस्लाइड ने 26 जिलों के 94 हजार से ज्यादा लोगों को प्रभावित किया है। 4 लोगों की मौत हुई है, 21 घायल हैं और 2 महिलाएं लापता हैं। इधर, कर्नाटक के बेलगावी और शिवमोगा में आज स्कूल और आंगनवाड़ी बंद रहेंगे।

महाराष्ट्र के नासिक में भारी बारिश

मुंबई, पुणे और आसपास के जिलों में दो दिन की भारी बारिश के बाद मंगलवार को कुछ राहत मिली। बारिश रुकने के बाद रेल सेवाएं सामान्य हुई हैं। लेकिन नासिक जिले में बारिश ने तबाही मचाई है। जिले के त्र्यंबकेश्वर, इगतपुरी और सुरगाणा तालुकों में भारी बारिश हुई, जिससे कई जगह सड़कें बह गईं। जिससे गोदावरी नदी उफान पर आ गई, लेकिन मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बादल फटने जैसी कोई घटना नहीं हुई।

एमपी में 40 से ज्यादा जिलों में हुई बारिश

मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है। प्रदेश में बारिश का असर जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है। बीते 24 घंटे में 40 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। बारिश से कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं। सीहोर की कुलांस नदी का जल स्तर भी बढ़ रहा है, जिससे भोपाल के बड़े तालाब में पानी की आवक बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने अगले एक से दो दिनों तक प्रदेश के सभी जिले में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। वहीं किसानों को बिजली चमकने के समय खेतों में काम न करने को कहा गया है।

यूपी में मानसून की रफ्तार हुई तेज

उत्तरप्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार सुबह मथुरा, गाजियाबाद समेत 15 शहरों में बारिश हो रही है। हाथरस में बारिश से सड़कों पर कमर तक पानी भर गया। बहाव इतना तेज है कि कारें और बाइकें बहने लगीं। मौसम विभाग ने आज 68 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से बना बारिश का सिस्टम अब मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच गया है। इसका असर यूपी में भी पड़ रहा है। इसलिए प्रदेश में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। अगले 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

राजस्थान में तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून

राजस्थान में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी के साथ प्रदेश में बारिश का दौर भी शुरू हो गया है। बुधवार को 2 जिलों को छोड़कर पूरे राजस्थान में तेज बारिश का ऑरेंज-यलो अलर्ट है। अलवर में सुबह से हो रही बारिश के कारण बाजारों की सड़कें डूब गई हैं। जयपुर के ग्रामीण जिलों में सुबह से रुक-रुककर बरसात हो रही है। इससे पहले मंगलवार को भी डूंगरपुर, अजमेर, बांसवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, नागौर समेत कई जिलों में 1 से 3 इंच तक बरसात हुई। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी भारत में बना डिप्रेशन 8 जुलाई से कमजोर होने की संभावना है। वहीं, 11 जुलाई से राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।