Loading...

‘बस आज की रात है जिंदगी…’ सिया-केतन के 2 वीडियो ने खींचा लोगों का ध्यान? लोहागढ़ किले में फिर दोहराया केतन की मौत का मंजर

‘बस आज की रात है जिंदगी…’ सिया-केतन के 2 वीडियो ने खींचा लोगों का ध्यान? लोहागढ़ किले में फिर दोहराया केतन की मौत का मंजर

Follow us

Share

Ketan Agarwal Murder Case : पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के लोहगढ़ फोर्ट पर हुई केतन विशाल अग्रवाल (26) की मौत के मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है। पुणे ग्रामीण पुलिस ने बुधवार को एक बार फिर से केतन को लोहगढ़ किले से गिराने का सीन रीक्रिएट किया। इस दौरान जांच अधिकारियों ने घटनाक्रम को दोबारा समझने के लिए केतन की लंबाई और वजन से मेल खाती फाइबर की एक डमी को 300 फीट से अधिक गहरी खाई में फेंका। वहीं चेतन की हुडी पहनने की स्टाइल और बॉडी लैंग्वेंज रिकॉर्ड की गई। अब इसका फुटेज से मिलान किया जाएगा। इससे पहले सिया-केतन को यहां लाकर धक्का देने का सीन रीक्रिएट किया गया था। बता दें कि सिया गोयल पर अपने चेतन चौधरी पर 18 जून को लोहागढ़ किले में अपने मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या करने का आरोप है।

पुलिस ने दोबारा क्यों किया सीन रीक्रिएशन?

क्राइम सीन रीक्रिएशन का उद्देश्य यह पता लगाना था कि घटना वाले दिन चेतन चौधरी किस रास्ते से गया, उसने कहां-कहां आवाजाही की और पूरी घटना किस तरह हुई। जांच के दौरान पुलिस ने वह ट्राउजर भी बरामद कर लिया, जिसे चेतन ने कथित तौर पर हत्या वाले दिन पहना था। इस बीच महाराष्ट्र की एक अदालत ने सोमवार को पुणे ग्रामीण पुलिस को सिया गोयल और चेतन चौधरी की पांच दिन की अतिरिक्त पुलिस हिरासत दे दी। प्रारंभिक पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद दोनों आरोपियों को सोमवार को वडगांव मावल कोर्ट में पेश किया गया।

हुडी पहनकर लोहागढ़ किले पहुंचा था चेतन

जांच में शामिल एक पुलिस अधिकारी ने कहा, हमने किले के टिकट काउंटर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें केतन और सिया को एकसाथ चलते हुए देखा गया। फुटेज को बारीकी से देखने पर पुलिस को एक युवक दिखाई दिया जो केतन और सिया से कुछ मीटर पीछे था। उस युवक ने शॉर्ट्स और हुडी पहनी हुई थी। हुडी का अगला हिस्सा इतना नीचे था कि उसका चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने बताया कि एक अन्य वीडियो में हमने देखा कि जब सिया पीछे मुड़कर देखती है तो हुडी पहने युवक अचानक नीचे बैठ जाता है।

Advertisement

पुलिस ने कोर्ट को बताई वजह, जांच क्यों अधूरी?

रिमांड बढ़ाने की मांग करते हुए जांच अधिकारियों ने अदालत को बताया कि मामले की जांच के कई अहम पहलू अभी बाकी हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की मौजूदगी में घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण और रीक्रिएशन करना है, हत्या के बाद चेतन की गतिविधियों की जांच करनी है, दोनों आरोपियों के बीच हुई फोन पर बातचीत की पड़ताल करनी है और केतन के पासपोर्ट को नष्ट करने से जुड़े सबूत जुटाने हैं।

बाली ट्रिप रोकने के लिए पासपोर्ट नष्ट करने का आरोप

जांच अधिकारियों के अनुसार, सिया गोयल ने कथित तौर पर एक फूड मॉल में रुकने के दौरान केतन का पासपोर्ट चुराया और बाद में उसे फाड़कर जला दिया। उस समय परिवार शादी से पहले बाली घूमने के लिए मुंबई एयरपोर्ट जा रहा था। एयरपोर्ट पहुंचने पर जब केतन को अपना पासपोर्ट नहीं मिला तो बाली यात्रा रद्द करनी पड़ी। पुलिस का मानना है कि दोनों के एक साथ विदेश यात्रा पर जाने से रोकने के लिए यह पूरी साजिश रची गई थी। इससे पहले, परिवार को लेकर जा रहे ड्राइवर ने भी दावा किया था कि सफर के दौरान सिया कुछ देर के लिए अकेले पार्क की गई गाड़ी में लौटी थी और वहां से उसने कुछ सामान निकाला था।

सिया की एक नंबर पर हजारों कॉल्स

पुलिस ने मामले की जांच के लिए सिया के कॉल-रिकॉर्ड खंगाले। इनमें एक मोबाइल नंबर पर जनवरी से केतन की हत्या वाले दिन सुबह 7 बजे तक सिया ने 2004 कॉल में करीब 338 घंटे की बातचीत की थी यानी दोनों रोज करीब 11 कॉल्स में 2 घंटे बात करते थे। ये नंबर पुणे के ही एक और व्यापारी परिवार के लड़के चेतन चौधरी का था। चेतन का घर पुणे के उसी इलाके में था, जहां सिया के पिता का ऑफिस है।

हत्या से पहले का पुराना वीडियो आया सामने

इस बीच, केतन अग्रवाल का एक पुराना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पुणे में आयोजित एक पारिवारिक समारोह में अपनी मंगेतर सिया गोयल और दोनों परिवारों के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो 7 मई का बताया जा रहा है, जो हत्या से करीब एक महीने पहले का है। वीडियो में 26 वर्षीय केतन अपने रिश्तेदारों के साथ खुशी के माहौल में जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो गायिका रीतू शर्मा ने इंस्टाग्राम पर साझा किया था। उन्होंने उसी पारिवारिक समारोह में प्रस्तुति दी थी।

दो वीडियो ने खींचा लोगों का ध्यान?

रीतू शर्मा ने मंगलवार रात अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो पोस्ट किए। पहले वीडियो में केतन के पिता विशाल अग्रवाल और सिया के माता-पिता प्रवीण गोयल तथा पूजा गोयल अन्य रिश्तेदारों के साथ मंच के पास खड़े नजर आते हैं। इस दौरान विशाल अग्रवाल, रीतू शर्मा के साथ बॉलीवुड का लोकप्रिय गीत ‘यम्मा-यम्मा’ गाते दिखाई देते हैं। गाने की पंक्तियां ‘बस आज की रात है जिंदगी, कल हम कहां तुम कहां’, माहौल को और भावुक बना देती हैं।

केतन और होने वाले ससुर का डांस वीडियो वायरल

कुछ ही क्षण बाद दूसरे वीडियो में केतन अग्रवाल, सिया के पिता प्रवीण गोयल के साथ फिल्म ‘गदर’ के लोकप्रिय गीत “मैं निकला गड्डी लेके” पर डांस करते नजर आते हैं। दोनों के चेहरों पर मुस्कान साफ दिखाई देती है और समारोह में मौजूद परिवार के सदस्य भी इस पल का आनंद लेते नजर आते हैं। अब यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुणे के किले से गिरकर मंगेतर की मौत

पुणे की सिया गोयल अपने मंगेतर केतन अग्रवाल के साथ 18 जून को लोहगढ़ (पुणे) किले पर घूमने गई थी। इसी दौरान केतन की खाई में गिरने से मौत हो गई। सिया पर अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर मंगेतर की हत्या करने का आरोप है। दोनों फिलहाल पुलिस गिरफ्त में हैं और मामले की जांच चल रही है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।