Loading...

ऑपरेशन सिंदूर के 6 वीरों को मिला अमर सम्मान, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक में मिली जगह

ऑपरेशन सिंदूर के 6 वीरों को मिला अमर सम्मान, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक में मिली जगह

Follow us

Share

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने जिस ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया था, उसे अब एक साल से ज्यादा का समय हो चुका है। इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में मौजूद कई आतंकी ठिकानों को तबाह किया था। अब पहली बार भारतीय सेना ने उन छह वीर जवानों के नाम सार्वजनिक किए हैं, जिन्होंने इस अभियान के दौरान देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। इन शहीदों के नाम अब नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक (नेशनल वॉर मेमोरियल) में भी दर्ज कर दिए गए हैं। ऑपरेशन सिंदूर भारत की आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई मानी जाती है। इस अभियान में भारतीय सेना ने आतंकियों के कई ठिकानों को निशाना बनाया और बड़ी संख्या में आतंकियों को मार गिराया। सेना के मुताबिक, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में कम से कम नौ आतंकी ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया था।

राष्ट्रीय युद्ध स्मारक में मिली जगह

अब इस अभियान के दौरान शहीद हुए 6 जवानों के नाम आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक किए गए हैं। इनके नाम नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट पर भी दर्ज किए गए हैं और नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की 3डी वॉल पर भी अंकित किए गए हैं। यह देश की ओर से उन वीर सैनिकों को दी गई सम्मानजनक श्रद्धांजलि है। शहीद होने वाले जवानों में सूबेदार मेजर पवन कुमार (हेडक्वार्टर्स 10 इन्फैंट्री ब्रिगेडट), राइफलमैन सुनील कुमार (जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री वीर चक्र), लांस नायक दिनेश कुमार (5 फील्ड रेजिमेंट), एविएशन टेक्नीशियन मूद मुरलीनायक (851 लाइट रेजिमेंट), हवलदार सुनील कुमार सिंह (237 फील्ड वर्कशॉप कंपनी) और सर्जेंट सुरेंद्र कुमार (वायु मेडल, 39 विंग) का नाम शामिल है। इन सभी जवानों ने ऑपरेशन के दौरान अपने कर्तव्य का पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।

पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर

गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत 6 मई की रात भारतीय सेना ने की थी। इसके बाद करीब चार दिनों तक भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव की स्थिति बनी रही। इस दौरान पाकिस्तान ने मिसाइल और ड्रोन हमलों की कोशिश भी की, लेकिन भारतीय सेना और वायु रक्षा प्रणाली ने अधिकांश हमलों को हवा में ही नाकाम कर दिया। भारत की जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान पर दबाव बढ़ा और आखिरकार हालात को शांत करने की दिशा में कदम उठाए गए। इस सैन्य कार्रवाई की पृष्ठभूमि में पहलगाम का वह आतंकी हमला था, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था। पहलगाम घूमने आए निर्दोष पर्यटकों को आतंकियों ने निशाना बनाया था। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे देश में आक्रोश था और आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी थी।

Advertisement

भारत की एयरस्ट्राइक में तबाह हुए थे कई पाकिस्तानी एयरबेस

भारत सरकार ने कहा था कि इन हमलों में 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया था। वहीं भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के कई एयरबेस तबाह किए थे। प्राइवेट कंपनी मक्सर के सैटेलाइट ने इन तबाह एयरबेस की फोटोज जारी की थीं। मक्सर ने पाकिस्तान के जिनकी फोटोज जारी की, उनमें सरगोधा, नूर खान, भोलारी और सुक्कुर के एयरबेस थे।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।