गुजरात में काल बनकर सड़क पर दौड़ी लग्जरी बस! 7 लोगों की मौत, कटर से काटकर गाड़ी में फंसे यात्रियों को निकाला

वडोदरा

Vadodra Bus Truck Collission : डूंगरपुर/गुजरात। गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। स्लीपर बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 यात्री घायल हो गए। मृतकों में एक 9 साल का बच्चा भी शामिल है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।

यह हादसा गुजरात के वडोदरा में कोटांबी स्टेडियम के पास बुधवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। जानकारी के अनुसार, बालाजी ट्रैवल्स की लग्जरी बस राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही थी। कोटंबी स्टेडियम (वडोदरा) के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्री बस में फंस गए। सूचना मिलते ही SDRF, NDRF और वडोदरा फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। सभी घायलों को एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारण इलाके में लंबा जाम लग गया था।

24 लोगों को सुरक्षित निकाला

NDRF की छठी बटालियन के कमांडेंट सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह 4:40 बजे कंट्रोल रूम को दुर्घटना की सूचना मिली थी। टीम ने आधुनिक उपकरणों और कटिंग मशीनों की सहायता से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में घायल हुए यात्रियों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है।

मृतकों की हुई शिनाख्त

इस दर्दनाक सड़क हादसे में मृतकों की पहचान हुई। हादसे में डूंगरपुर जिले के पाडवा की रहने वाली पिंकी भाटिया (36) की भी जान गई है। इसके अलावा मृतकों में विनोद नरेश डामोर (30), मुकेश जीवाजी डिंडोर (34), प्रीत हितेश भाटिया (9), महेंद्र कुमार भोगीलाल पंड्या (68), हरजिंगभाई वलजीभाई कटारा (30) तथा एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है।

हादसे में ये लोग हुए घायल

घायलों में पिंकी रावल, मनीषा रावल, रामचंद्र डोरिया, शिल्पा पाटीदार, महेंद्र कटारा, आशीष यादव, आशीष कटारा, बंसीलाल राणे, जीवराजभाई, गुंजनबेन, नाराचया, पिंटू चरपोट, विजय कटारा, भेरूलाल मीना, सीमा यादव, सागर कटारा, भगवती भाई, कल्पेश गौर, पैलबेन नाई, शील, सुरेशभाई डिंडोर, रमेशभाई, पंकजभाई चरपोट, कमलेशभाई कटारा, मायाबेन पाटीदार सहित अन्य यात्री शामिल हैं।

इस हादसे को लेकर पुलिस ने क्या कहा?

हादसे के संबंध में वडोदरा जिला पुलिस अधीक्षक सुशील अग्रवाल ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने ने बताया कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उसका चालक टायर का दबाव जांच रहा था। तभी तेज रफ्तार बस ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह कुचल गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम हो गया। बाद में ट्रक और क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यातायात सुचारु कर लिया गया था।

17 दिन पहले भी हुआ था ऐसा ही हादसा

दो जून को भी गुजरात में सूरत जिले के बारडोली के पास दो बसें टकरा गई थीं। हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा घायल हो गए। टक्कर के बाद एक बस के पलटते ही उसमें आग लग गई थी। दोनों बसें महाराष्ट्र की हैं। हादसा सड़क पर पलटे एक टैंकर को बचाने की कोशिश के दौरान हुआ। टैंकर की टक्कर से बचाने की कोशिश में एक बस ड्राइवर का स्टीयरिंग पर कंट्रोल नहीं रहा और बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जाकर सामने से आ रही दूसरी बस से टकरा गई।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।