Loading...

तमिलनाडु में आया राजनीतिक भूचाल, अन्नामलाई की नई पार्टी बनते ही इन नेताओं ने भी छोड़ी बीजेपी

Follow us

Share

TamilNadu political crisis : चेन्नई। तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने पार्टी से अलग होने के बाद अपने नए राजनीतिक आंदोलन की शुरुआत कर दी है। के अन्नामलाई ने शुक्रवार (5 जून, 2026) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) से औपचारिक रूप से इस्तीफा देने के बाद अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘वी द लीडर्स (We the Leaders)’ को लॉन्च किया है। अन्नामलाई के इस राजनीतिक आंदोलन को जनता का भरपूर प्यार मिल रहा है। लॉन्च के कुछ ही घंटों में 10 लाख से ज्यादा लोगों को अपनी तरफ आकर्षित किया है।

के अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने के बाद तमिलनाडु में कुछ और नेताओं ने बीजेपी का साथ छोड़ने की घोषणा की। अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, अन्नामलाई के बीजेपी छोड़ने के बाद करू नागराजन समेत 15 नेता बीजेपी से अलग हो गए हैं। इन नेताओं में तमिलनाडु की स्टेट सेक्रेटरी सुमति वेंटकेश भी शामिल हैं। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर अन्नामलाई के आंदोलन का समर्थन किया है और इसके साथ अपना संबंध जाहिर किया है। अन्नामलाई की समर्थक उमा हेमवती ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। जिन नेताओं ने बीजेपी छोड़ी उनमें करू नागराजन का नाम काफी अहम है, जो राज्य में बीजेपी के उपाध्यक्ष पद पर रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार रात एक सोशल मीडिया पोस्ट में अन्नामलाई के नए आंदोलन के साथ जुड़ने की अपनी मंशा स्पष्ट की।

बता दें कि इस्तीफा स्वीकार किए जाने के कुछ ही समय बाद अन्नामलाई ने घोषणा की कि उनका नया आंदोलन पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के विचारों से प्रेरित होगा। उन्होंने इस पहल को ‘कलाम स्कूल ऑफ आइडियोलॉजी’ का नाम दिया है। अन्नामलाई ने कहा कि डॉ. कलाम उत्कृष्टता, त्याग, राष्ट्रवाद, समर्पण और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक थे। उनका मानना है कि तमिलनाडु की राजनीति को नई दिशा देने के लिए कलाम के विचार सबसे उपयुक्त आधार बन सकते हैं।

Advertisement

10 लाख से ज्यादा सदस्य जुड़े

अन्नामलाई ने स्पष्ट किया कि फिलहाल यह एक राजनीतिक आंदोलन के रूप में कार्य करेगा, लेकिन समय के साथ इसे एक पूर्ण राजनीतिक दल का रूप दिया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि उनका संगठन वर्ष 2031 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगा। वहीं नए आंदोलन को शुरुआत से ही जनता का जबरदस्त समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है। लॉन्च होने के केवल 10 घंटों के भीतर ही इसने 10 लाख से अधिक सदस्यों को जोड़कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

अन्नामलाई बोले, 2031 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी हमारी पार्टी

के अन्नामलाई ने भाजपा से इस्तीफा देने के बाद 5 जून को नई पार्टी बनाने की घोषणा की। सोशल मीडिया पर वीडियो मैसेज में कहा, ‘आज हम अपना स्वतंत्र आंदोलन खड़ा कर रहे हैं। हमारी पार्टी तमिलनाडु में 2031 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी।’ उन्होंने ‘We The Leaders’ नाम से नया प्लेटफॉर्म और wetheleader.org वेबसाइट भी लॉन्च की। इसके साथ ही कोयंबटूर में एपीजे अब्दुल कलाम सेंटर फॉर इथि​क्स एंड पॉलिटिक्स संस्थान भी स्थापित करने की घोषणा की है। अन्नामलाई कर्नाटक कैडर के आईपीएस अधिकारी रहे हैं।

अन्नामलाई बोले- बदलाव, आम आदमी की राजनीति करेंगे

के अन्नामलाई ने कहा कि मेरा मकसद तमिलनाडु में बदलाव लाना और राजनीति के तौर-तरीकों को बेहतर बनाना था। जनता दशकों से चली आ रही आम राजनीति से ऊब गई है। बदलाव चाहती है। आलाकमान से मतभेद थे। मेरे-उनके विचार एक जैसे नहीं रहे। मैं उस सोच को बदलना चाहता था, जिसके अनुसार राजनीति रईसों और कुछ खास लोगों के लिए है, आम ​आदमी के लिए नहीं। मेरे आंदोलन का उद्देश्य व्यक्ति पूजा और सत्ता में परिवारवाद को खारिज कर सियासी तस्वीर बदलना है। इस आंदोलन का उद्देश्य मौजूदा पार्टियों से काम्पिटीशन किए बिना लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता देना है। यह तय करना मुश्किल था कि भाजपा में रहूं या तमिल लोगों से जुड़ा रहूं। मैंने 4 दिसंबर 2025 को पार्टी को बताया कि मैं इस्तीफा दूंगा। राज्य की जनता कई दशकों से चली आ रही आम राजनीतिक चर्चाओं से ऊब चुकी थी और बदलाव चाहती थी। पिछले दशक में कई बार बदलाव की लहरें उठीं, लेकिन वे टिक नहीं पाईं।

अन्नामलाई IPS अधिकारी, 6 साल भाजपा में रहे

अन्नामलाई कर्नाटक कैडर के IPS अधिकारी रहे हैं। नौकरी छोड़कर 2020 में भाजपा से जुड़े। पार्टी ने पहले प्रदेश उपाध्यक्ष और फिर अध्यक्ष बनाया। उन्होंने तमिलनाडु में भाजपा को मजबूती दी। वे आक्रामक राजनीति के कारण लोकप्रिय हुए। राज्य प्रमुख पद से हटाए जाने और एआईएडीएमके के साथ भाजपा के गठबंधन से नाराज थे।

तमिलनाडु में इसी साल चुनाव हुए, BJP सिर्फ 1 सीट जीती

तमिलनाडु में इसी साल विधानसभा चुनाव हुए। 4 मई को आए परिणामों में एक्टर विजय की 2 साल पुरानी पार्टी TVK को 108 सीटें मिलीं। TVK ने कांग्रेस और अन्य छोटी पार्टियों के साथ मिलकर राज्य में पहली बार सरकार बनाई। DMK को 59 और AIDMK को 47 सीटों पर जीत मिली। AIADMK के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने 27 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। लेकिन सिर्फ एक सीट पर जीत हासिल कर सकी थी। चुनावी नतीजों के बाद से ही अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।