Loading...

जयपुर में थार बनी काल, रात 2 बजे फूड डिलीवरी वाले को रौंदा, MBBS स्टूडेंट ने गाड़ी से युवक को 150 मीटर तक घसीटा

Follow us

Share

जयपुर। राजधानी जयपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक ‘हिट एंड रन’ मामला सामने आया है। शहर में एक बार फिर थार काल बनकर दौड़ी। जगतपुरा के महल रोड पर तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक सवार फूड डिलीवरी बॉय को टक्कर मार दी और उसे करीब 150 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में गंभीर घायल युवक को थार सवार ही महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा 1 जून की देर रात डेढ़ से दो बजे के बीच रामनगरिया थाना क्षेत्र के महल रोड (जगतपुरा) पर अक्षयपात्र चौराहे के पास हुआ।

शिवदासपुरा थाना प्रभारी मनोहर ने बताया कि मृतक युवक दौसा के रहने वाले था। दुर्घटना के बाद वहां मौजूद 2 युवकों ने थार को रोक लिया। थार में तीन युवक सवार थे। आरोप है कि थार सवार सभी युवक नशे में थे। गाड़ी सीतापुरा के महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल का एमबीबीएस स्टूडेंट चला रहा था। थार गाड़ी मालवीय नगर के रहने वाले दलजीत कौर के नाम से रजिस्टर्ड है। इस गाड़ी का पहले दो बार ओवर स्पीड का चालान कट चुका है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया थार गाड़ी में बीयर की बोतलें और केन रखी हुई थीं। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि युवक के शव के साथ छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने महात्मा गांधी हॉस्पिटल और थाने के घेराव की चेतावनी भी दी है। हादसे के बाद करीब 8 अन्य लोग महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचे। उनका आरोप है कि हॉस्पिटल में आरोपी के साथियों ने गाली-गलौज और हाथापाई की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला शांत कराया।

Advertisement

पास में हॉस्पिटल था, फिर भी महात्मा गांधी क्यों ले गए

जिस जगह पर ये हादसा हुआ उससे कुछ ही दूरी पर जीवन रेखा हॉस्पिटल है। इसका साइन बोर्ड मुख्य सड़क पर ही लगा हुआ है। इसके बावजूद घायल को आरोपी महात्मा गांधी हॉस्पिटल तक ले गया। परिजनों ने भी यही सवाल किया कि उसे जीनवरेखा हॉस्पिटल क्यों नहीं ले जाया गया।

फूड डिलीवरी का काम करता था युवक

दौसा के रहने वाला मृतक राकेश मीणा (28) कुछ समय से परिवार के साथ ब्यावर में रहता था। 5 दिन पहले ही पत्नी और दो बेटों के साथ जयपुर के जगतपुरा स्थित आरती नगर में रहते शिफ्ट हुआ था। राकेश के दो बेटे दक्ष (8) और कृष्णा (4) हैं। वह ऑनलाइन फूड डिलीवरी का काम करते थे। देर रात कुंभा मार्ग से बॉम्बे हॉस्पिटल की ओर जा रहा था। इसी दौरान अक्षयपात्र चौराहे के पास तेज गति से आई थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पिता का आरोप, बेटे को 800 मीटर घसीटते ले गए

राकेश मीणा (मृतक) के पिता मुरलीधर मीणा ने कहा- शराब पीकर दुर्घटना की गई है। मेरा बच्चा रात को निकल रहा था। वह काम पर निकला था। रोड क्रॉस करते समय बाइक के पीछे से टक्कर मारी। इसके बावजूद नशे में धुत युवाओं ने गाड़ी नहीं रोकी। करीब 150 मीटर घसीटते ले गए। घटनास्थल के पास जीवन रेखा हॉस्पिटल था। वहां लेकर नहीं गए। चूंकि टक्कर मारने वाला महात्मा गांधी हॉस्पिटल का स्टूडेंट था, इसलिए वह मेरे बेटे को वहां ले गया। ताकि अपने हिसाब से केस को हैंडल किया जा सके। वहीं मृतक के रिश्तेदार रामजीलाल मीणा ने बताया कि जानबूझकर किए गए हादसे को पुलिस ने कमजोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने कहा- हम न्याय के लिए मंत्री डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा सहित सभी विधायकों तक जाएंगे, चाहे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक जाना पड़े हम जाएंगे। धरना भी देंगे, प्रदर्शन भी करेंगे, जिससे कि परिवार को न्याय मिल सके।

टक्कर के बाद कार चालक को युवकों ने रोका

दुर्घटना के बाद महल रोड (जगतपुरा) मौजूद 2 युवकों ने थार को रोक लिया। थार में तीन युवक सवार थे। आरोप है कि थार सवार सभी युवक नशे में थे। शिवदासपुरा थाना प्रभारी मनोहर ने बताया कि गाड़ी सीतापुरा के महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल का MBBS स्टूडेंट चला रहा था।

आरोपी MBBS छात्र बोला- घायल युवक को मैं हॉस्पिटल लेकर आया

आरोपी MBBS छात्र ने कहा- मैं घायल को हॉस्पिटल लेकर आया था। उसे सीपीआर भी दी। वहां मौजूद लोगों ने मुझे मारा भी। मुझे काफी चोटें भी आई हैं। मौके पर पहुंचे लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद आरोपी भागने की फिराक में थे।

थानाधिकारी बोले- नियमानुसार कार्रवाई होगी

रामनगरिया थानाधिकारी चंद्रभान सिंह ने कहा कि अक्षय पात्र चौराहे से थोड़ा आगे एक बाइक सवार का थार गाड़ी से एक्सीडेंट हुआ, जिसमें वह घायल हुआ। थार ड्राइवर ने उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया। बाद में उसकी हॉस्पिटल में मौत हो गई। गाड़ी को जब्त कर लिया है। ड्राइवर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।