Loading...

MP में बेअसर हुआ नौतपा, राजस्थान समेत 11 राज्यों में आंधी-बारिश, केरल में कल मानसून देगा दस्तक!

Follow us

Share

IMD Weather Rainfall Alert  In India: नई दिल्ली। देश के 20 से ज्यादा राज्यों में जून की शुरुआत गर्मी से राहत लेकर आई। देश के ज्यादातर राज्यों में कई दिनों से लगातार कहीं न कहीं आंधी, बारिश से पारा 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, तमिलनाडु और गुजरात में बारिश हुई। मौसम विभाग ने यूपी एमपी और राजस्थान समेत 11 राज्यों में आंधी-तूफान की आशंका के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

एमपी में बिजली गिरने से मां-बेटे की मौत

मध्यप्रदेश के सिंगरौली में बिजली गिरने से किशोर की और नीमच में जर्जर मकान की छत गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई। वहीं यूपी के आगरा में करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश से सड़कें और फुटपाथ धंस गए। इसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली, कारें और ट्रक पलट गए। वहीं जम्मू-कश्मीर के डोडा, किश्तवाड़ और पुंछ जिलों में बादल फटे। इससे सड़कें जाम हो गईं, रिहायशी इलाके पानी में डूब गए और गाड़ियां मलबे में फंस गईं। अनंतनाग जिले में आंधी में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

यूपी के 35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी 35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। 60 से 80 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। 5 जून तक यह पूरे प्रदेश को अपनी जद में ले लेगा। इससे पश्चिमी और पूर्वी यूपी में छिटपुट बारिश की संभावना है। ओले भी गिर सकते हैं। 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। गर्मी से राहत बनी रहेगी। वहीं बुधवार को आगरा में करीब एक घंटे तक तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। फुटपाथ धंसने से 25 फीट का गड्ढा बन गया। वहीं वाराणसी में मंगलवार दोपहर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आई।

राजस्थान के 5 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान को लेकर मौसम विभाग ने 5 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 5 जिलों में यलो अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में आज एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया आज बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज आंधी-बारिश की आशंका है। दो दिन कहीं-कहीं कहीं अंधड़ के साथ बारिश होने की संभावना है। जबकि कई इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार बुधवार (3 जून) से एक्टिव नए सिस्टम का असर 6 जून तक रह सकता है।

Advertisement

मध्यप्रदेश में बेअसर हुआ नौतपा

मध्यप्रदेश में नौतपा बेअसर साबित हुआ। इस बार नौतपा के सभी 9 दिन तक प्रदेश में आंधी-बारिश हुई है। कई जिलों में ओले भी गिरे। मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा। कहीं भी हीटवेव नहीं चली। ऐसा ही मौसम अगले 4 दिन बना रहेगा। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल ने बुधवार को इंदौर-उज्जैन समेत प्रदेश के 36 जिलों में तेज आंधी, बारिश का अलर्ट जारी किया है।

4 जून को केरलम पहुंचेगा मानसून

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार मानसून 4 जून को केरलम के तट पर पहुंच सकता है। पहले 26 मई को केरलम पहुंचने का अनुमान था। मानसून आमतौर पर 1 जून के आसपास केरलम पहुंचता है और अगले डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर करता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 2 से 6 जून के बीच केरलम के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होगी। मंगलवार को मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बाकी 11 जिलों में यलो अलर्ट है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।