Loading...

यूपी-बिहार में कहर बनकर टूटी आंधी-बारिश, अब 15 राज्यों में अलर्ट, जानें कब होगी मानसून की एंट्री

Follow us

Share

नई दिल्ली। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच गुरुवार देर रात और शुक्रवार को प्रदेश में आंधी-बारिश ने कहर बरपाया। यूपी और बिहार में आंधी-बारिश से 48 लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में आंधी-तूफान की वजह से 31 लोगों की मौत हो गई है। वहीं बिहार में पिछले 24 घंटे में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत हुई है।

15 से ज्यादा राज्यों में प्री-मानसून बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार, देशभर में 15 से ज्यादा राज्यों में प्री-मानसून बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड समेत कई इलाकों में तूफानी हवाओं और गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है। बिहार के 32 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है, जहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 5 जून के बीच देश के 80-90 फीसदी हिस्सों में प्री-मानसून बारिश हो सकती है।

आंधी-बारिश ने जमकर बरपाया कहर

यूपी-बिहार में पिछले 24 घंटे में आंधी-बारिश ने जमकर कहर बरपाया। पिछले 24 घंटे में आंधी-तूफान की वजह से 31 लोगों की मौत हो गई है। लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों और तराई क्षेत्रों में आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। वहीं कुछ जिलों में ओले भी गिरे। इससे कच्चे मकानों की दीवारें गिर गईं। टिनशेड उड़ गए। सैकड़ों पेड़ गिर गए। खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सहारनपुर में भारी बारिश के बाद पहाड़ी से तेज बहाव के साथ पानी नीचे आ गया। इससे इनोवा-ट्रैक्टर समेत 10 गाड़ियां बह गईं।

Advertisement

बिहार में बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत

इधर बिहार में पिछले 24 घंटे में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत हुई है। बारिश के चलते 4 फ्लाइट डायवर्ट की गईं। जबकि 18 फ्लाइट लेट रहीं। इससे करीब 500 से ज्यादा यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं मधुबनी में हल्का कोहरा देखने को मिला। 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश सीवान में 135.4 एमएम बारिश हुई। इसके अलावा मोतिहारी में 116 एमएम, गोपालगंज के विजयपुर में 101एमएम, जबकि पटना में 68एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 25 जिलों में बारिश की संभावना है।

झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से 4 मौतें

झारखंड में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। कई घायल बताए जा रहे हैं। रांची के इटकी क्षेत्र में एक बच्ची की मौत हो गई। जबकि बोकारो, गढ़वा और धनबाद में भी आंधी-बारिश से 3 लोगों की जान चली गई। जामताड़ा में वज्रपात से 3 मवेशियों की भी मौत हो गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।

मध्य प्रदेश में भी बदला मौसम का मिजाज

मध्य प्रदेश में भी मौसम अचानक बदल गया है। पिछले 24 घंटे में ग्वालियर, इंदौर समेत 26 जिलों में आंधी, बारिश हुई। कहीं तेज हवाओं ने असर दिखाया तो कहीं ओले गिरे। गुना में आंधी-बारिश के दौरान प्रसिद्ध हनुमान टेकरी मंदिर के गुंबद पर बिजली गिरने से ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में आंधी-बारिश से लुढ़का पारा

राजस्थान के कई जिलों में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी जिलों में आंधी-बारिश कारण तापमान 10 डिग्री तक गिर गया। जयपुर, भरतपुर, अलवर, दौसा, झुंझुनूं, करौली, चूरू, हनुमानगढ़, बीकानेर और सीकर में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। दौसा में शुक्रवार देर शाम अचानक आए तेज अंधड़ ने भारी नुकसान पहुंचाया। जिला मुख्यालय के लालसोट-दौसा बाईपास पर 220 केवी हाइटेंशन बिजली लाइन का एक बड़ा टावर अचानक गिर गया। इधर, तेज अंधड़ के दौरान लालसोट क्षेत्र में दीवार गिरने जैसे दो अलग-अलग हादसों में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई थी। मौसम विभाग ने राजस्थान के 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

7 दिनों में केरलम पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग ने बताया कि मानसून अगले 7 दिनों में केरलम पहुंच सकता है। हालांकि विभाग ने इस साल मानसून के सामान्य से कमजोर रहने का अनुमान भी जताया है। IMD के मुताबिक जून से सितंबर तक देश में औसतन सामान्य से कम बारिश हो सकती है। इस बार मानसून सीजन में 78 सेंटीमीटर बारिश होने का अनुमान है। देश में सामान्य मानसूनी बारिश का औसत 87 सेंटीमीटर माना जाता है। मौसम विभाग ने कहा कि बिहार, यूपी में सामान्य बारिश हो सकती है, लेकिन बाकी कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है। खासकर बारिश पर निर्भर खेती वाले इलाकों में मानसून कमजोर रह सकता है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।