Loading...

दवाइयों से गंजे हुए हनी सिंह… कई सालों तक बेडरूम से बाहर नहीं निकले, रैपर ने सुनाई दर्दभरी दास्तां

Follow us

Share

नई दिल्ली। भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर रैपर और गायक यो यो हनी सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। पिछले एक दशक में अपने गानों से युवाओं के दिलों पर राज करने वाले हनी सिंह ने अब अपनी निजी जिंदगी और बीमारी को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में हनी सिंह ने बताया कि बाइपोलर डिसऑर्डर और नशे की लत से लड़ाई के दौरान उन्हें बेहद कठिन दौर से गुजरना पड़ा।

सात साल तक घर में बंद रहे हनी सिंह

दिल्ली में जन्मे 43 वर्षीय हृदेश सिंह, जिन्हें दुनिया यो यो हनी सिंह के नाम से जानती है। हाल ही में वो ‘एबीटॉक्स’ पॉडकास्ट में शामिल हुए। इस बातचीत में उन्होंने अपनी बीमारी और उसके इलाज के असर पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक चली भारी दवाइयों के साइड इफेक्ट के कारण उनके सिर के सारे बाल झड़ गए थे। सिंगर ने साफ तौर पर स्वीकार किया कि सिर पर दिखने वाले बाल असली नहीं हैं, बल्कि वे एक विग का इस्तेमाल करते हैं। हनी सिंह ने अपने मानसिक तनाव के दिनों को याद करते हुए बताया कि 2014 में ड्रग्स छोड़ देने के बाद भी ठीक होने का सफर काफी लंबा और तकलीफ भरा था। उन्होंने बताया कि अवसाद के चलते वे सात साल तक घर के अंदर ही रहे, जिसमें से तीन साल उन्होंने सिर्फ अपने बेडरूम में बिताए। लंबे समय तक चली भारी दवाइयों के कारण उनका वजन 105 किलो तक पहुंच गया था। अब वे इस बीमारी से ठीक होकर इंडस्ट्री में कमबैक कर चुके हैं।

ऐसा लगता था कि मैं मर चुका हूं

हनी सिंह ने साल 2018 और 2019 के मुश्किल समय को याद करते हुए बताया कि उन्हें हर वक्त यह वहम रहता था कि वे मर चुके हैं और स्वर्ग-नरक के बीच कहीं फंसे हैं। जब उनकी मां उन्हें खाना देती थीं, तो उन्हें लगता था कि यह उनका आखिरी खाना है। उन्होंने बताया कि वे सात साल तक एक ही दवा ले रहे थे, जिससे कोई सुधार नहीं हो रहा था। इसके बाद उन्होंने घर से बाहर निकलने और डॉक्टर बदलने का फैसला किया। नए डॉक्टर ने दवाओं की डोज ठीक की और कुछ नई दवाएं शुरू कीं, जिसके बाद महज चार हफ्ते में उनकी हालत सुधरने लगी और उन्होंने लोगों से मिलना-जुलना शुरू किया।

अमेरिकी टूर के दौरान आया था पहला अटैक

सिंगर ने बताया कि इस बीमारी की शुरुआत तब हुई जब वे करियर के पीक दौर पर थे। वे मुंबई में एक म्यूजिक रियलिटी शो कर रहे थे और अभिनेता शाह रुख खान के साथ अमेरिका टूर पर थे। शिकागो में रहने के दौरान उन्हें पहली बार मौत के वहम वाले ख्याल आने लगे। डर के कारण उन्होंने अपना आधा सिर मुंडवा लिया था, जिसके बाद मेकर्स ने उन्हें टोपी पहनने की सलाह दी थी। शाह रुख खान के फोन करने पर उन्होंने कहा था कि वे सीधे स्टेज पर मिलेंगे। लेकिन घबराहट इतनी ज्यादा थी कि वे सिर्फ दो गाने गाकर बीच में ही शो छोड़कर चले आए।

Advertisement

सात साल रहे घर में बंद, डर से खुला रखते थे बाथरूम का दरवाजा

अमेरिका टूर से लौटने के बाद हनी सिंह करीब सात साल तक अपने घर के अंदर ही बंद रहे। उन्होंने बताया कि वे नहीं चाहते थे कि उनके फैंस उन्हें उस हालत में देखें। उन्होंने अपने दोस्तों से मिलना और फोन पर बात करना बंद कर दिया था। टीवी और इंटरनेट से भी वे पूरी तरह दूर हो गए थे। बाइपोलर डिसऑर्डर के डर और बुरे ख्यालों के कारण वे तीन साल तक अपने बेडरूम से बाहर नहीं निकले। डर का आलम यह था कि नहाते समय भी वे बाथरूम का दरवाजा खुला रखते थे।

गानों और म्यूजिक एल्बम से किया शानदार कमबैक

लंबे समय तक इंडस्ट्री से दूर रहने के बाद अब हनी सिंह फिर से म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय हो चुके हैं। दो साल पहले 2024 में आई उनकी नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री ‘फेमस’ में भी उन्होंने इन मुश्किल दिनों की कहानी बताई थी। अब वे ‘मखना’ और ‘मिलेनियर’ जैसे गानों और ‘Honey 3.0’ व ‘Glory’ जैसे म्यूजिक एल्बम के जरिए दोबारा म्यूजिक चार्ट्स और फैंस के बीच अपनी पहचान बना रहे हैं। हनी सिंह का कहना है कि अब वह पहले से ज्यादा मजबूत महसूस करते हैं और अपनी जिंदगी को नए तरीके से जी रहे हैं। उनकी यह वापसी सिर्फ एक कलाकार की वापसी नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों से लड़कर दोबारा खड़े होने की मिसाल भी मानी जा रही है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।