Loading...

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बीफ की तस्करी! दौसा में गौ रक्षकों ने पकड़े गोमांस से भरे दो कंटेनर

Follow us

Share

बांदीकुई। दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात बड़ा मामला सामने आया। यहां गौ रक्षकों ने कथित तौर पर बीफ (गोमांस) से भरे दो कंटेनरों को पकड़ लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि दोनों कंटेनर महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे और दस्तावेजों की आड़ में मांस की खेप ले जाई जा रही थी। जानकारी के अनुसार शुक्रवार 22 मई की रात करीब 1 बजे गौ रक्षकों को सूचना मिली कि एक्सप्रेस-वे से होकर कुछ संदिग्ध कंटेनर गुजर रहे हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में गोमांस भरा हुआ है। सूचना मिलते ही गौ रक्षक सक्रिय हो गए और बांदीकुई क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पास पहुंचकर वाहनों की निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद दो संदिग्ध कंटेनर वहां से गुजरते दिखाई दिए।

कंटेनर में बीफ के पैकेट मिले

गौ रक्षकों ने दोनों वाहनों को रुकवाया। बताया जा रहा है कि जैसे ही वाहन चालकों को कार्रवाई का अंदेशा हुआ, वे कंटेनर छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद गौ रक्षकों ने कंटेनरों की जांच की, जिसमें बड़ी मात्रा में मांस के पैकेट मिले। घटना की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों कंटेनरों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मांस के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह गोमांस है या नहीं। पुलिस दस्तावेजों और वाहन मालिकों की भी जांच कर रही है।

4 दिन बाद भी नहीं हुई कोई कार्रवाई

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और गौ रक्षक संगठनों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि घटना के 4 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उनका कहना है कि प्रदेश में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं और प्रशासन को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Advertisement

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।