उस्ताद जाकिर हुसैन को भारत रत्न दिलाने के लिए जुटा कलाजगत
जयपुर(रॉयल पत्रिका)। गुलाबीनगरी का कला जगत उस्ताद जाकिर हुसैन को भारत रत्न दिलाने के लिए शहर के डिग्गी पैलेस में जुटा। स्वागत जयपुर फाउंडेशन की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के तहत उस्ताद जाकिर हुसैन को जयपुर के गायन, वादन और नृत्य जगत के कलाकारों की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इससे पूर्व जाकिर हुसैन के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आयोजित चर्चा में कलाकारों ने सुर से सुर मिलाते हुए कहा कि उस्ताद जाकिर हुसैन वैसे तो भारत के रत्न थे लेकिन उन्हें सरकार की ओर से मरणोपरांत भारत रत्न दिया जाना चाहिए। कलाकारों ने एक आवाज में कहा कि उस्ताद जाकिर हुसैन ने तबले को दुनिया भर में अलग पहचान दिलाई है। जाकिर हुसैन जितने बड़े कलाकार थे, उतने ही विनम्र थे, उन्हें जयपुर से बेहद प्यार था, क्योंकि जयपुर में कला के कद्रदान उनका तबला सुनने के लिए घंटों तक इंतजार किया करते थे।
उस्ताद डागर ने आलाप से दी श्रद्धांजलि
स्वागत जयपुर फाउंडेशन चेयरमैन इकबाल खान और कलाकार हामिद कावा ने बताया कि इस दौरान पद्मश्री उस्ताद एफ.वासिफउद्दीन खां डागर ने ध्रुवपद गायकी में अलाप कर उस्ताद को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जाकिर का जितना बोलबाला हिंदुस्तान में था, उससे कही ज्यादा उन्हें विदेशी धरती पर पूजा जाता था।
इन कलाकारों की ओर से दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में शहर के कलाजगत के गायन, वादन और नृत्य से जुड़े कलाकार पद्मश्री गजल गायक उस्ताद अहमद हुसैन और उस्ताद मोहम्मद हुसैन, पद्मश्री सारंगी वादक उस्ताद मोइनउद्दीन खां, वरिष्ठ तबला वादक उस्ताद निसार हुसैन, तबला वादक उस्ताद मोहम्मद जफर खान, शास्त्रीय गायक पं.हनुमान सहाय, गायिका गरिमा कुमावत, वरिष्ठ पखावज वादक पं.प्रवीण आर्य, ध्रुवपद गायक नफीसउद्दीन खां और अनीसउद्दीन खां डागर, वरिष्ठ रंगकर्मी ईश्वरदत्त माथुर, रंगकर्मी अनंत व्यास, कलाप्रेमी सुधीर माथुर, शबाना डागर, परवीन सबरीना खान, अल्का रवि शर्मा, रंजनी सिंह, नवल डांगी सहित शहर के कई कलाकारों ने मिलकर उस्ताद जाकिर हुसैन को श्रद्धांजलि दी और अपने संरमरणों से याद किया। इस दौरान सभी ने उस्ताद की याद में 15 दिसंबर को प्रतिवर्ष कार्यक्रम करने का निर्णय लिया।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
