संघर्ष और सशक्तिकरण के अनुभव साझा कर महिला कामगारों ने मनाया 115वां अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर मेहनतकश कल्याण एवं संदर्भ केंद्र संस्था के संयुक्त तत्वावधान में गुलाब उद्यान, बनीपार्क में असंगठित महिला कामगारों द्वारा एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संघर्षशील कामगार महिलाओं के सशक्तिकरण तथा उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानियों को साझा करना था। कार्यक्रम में महिलाओं और बेटियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने समूह बनाकर अपने जीवन में बदलाव लाया और अपने परिवार को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान महिलाओं ने अपने संघर्षों की प्रेरणादायक कहानियां साझा कीं तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संस्था की सचिव मेवा भारती ने कहा कि समाज में लंबे समय तक महिलाओं के श्रम को उचित मूल्य नहीं मिला। चाहे घर-परिवार का कार्य हो या नियोक्ता के घर में किया जाने वाला श्रम, महिलाओं को अक्सर कमतर आंका गया। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं ने संगठित होकर समूह बनाए और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई, तब उनके अधिकारों में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिला। उन्होंने बताया कि अब कई महिलाओं को काम के स्थानों पर मासिक चार छुट्टियां मिलने लगी हैं और उनके वेतन में भी वृद्धि हुई है। साथ ही सरकार द्वारा न्यूनतम वेतन लागू किए जाने से भी महिलाओं को लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम में विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पल्लवी शर्मा ने महिलाओं को विभिन्न विधिक योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्राधिकरण श्रमिकों, कमजोर वर्गों और महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता और न्याय उपलब्ध कराने का कार्य करता है। इस अवसर पर डॉ. प्रीतम पाल ने महिलाओं को उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कामगार महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन रमावती ने किया।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
