विनोद जाखड़ को एनएसयूआई का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया
-राजस्थान से पहली बार किसी को एनएसयूआई का अध्यक्ष बनाया गया है
-दलित और आरएसएस विरोधी होने का फायदा मिला विनोद जाखड़ को
-कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सहमति से बनाया गया एनएसयूआई अध्यक्ष
एम. खान
जयपुर (रॉयल पत्रिका) I राजस्थान के विराट नगर, जयपुर से दलित परिवार से आने वाले विनोद जाखड़ को कांग्रेस पार्टी की छात्र इकाई एनएसयूआई का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है I विनोद जाखड़ की नियुक्ति कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सहमति से की गई है I एनएसयूआई के राष्ट्रीय पद के लिए देशभर से दर्जनों छात्र नेताओं से इंटरव्यू लिए गए, लेकिन अंतिम सहमति विनोद जाखड़ पर बनी I जाखड़ राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष भी रह चुके हैं I 2018 में उन्होंने निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़कर यह पद हासिल किया था, जो एक ऐतिहासिक जीत थी I उस समय एनएसयूआई ने विनोद जाखड़ को टिकट नहीं दिया था I
दलित और आरएसएस विरोधी होने का फायदा मिला जाखड़ को:-
विनोद जाखड़ ने अपने भाषणों में छात्रों के अधिकार संघ-संगठन सक्रियता और शिक्षा प्रणाली में लोकतांत्रिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर जोर दिया है I विनोद जाखड़ को उनकी राजनीतिक यात्रा में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, जिसमें उन्होंने शैक्षिक संस्थानों में आरएसएस विचारधारा के प्रभाव का विरोध भी किया है और इसके लिए वह विवादों में भी रहे I राजस्थान यूनिवर्सिटी में आरएसएस के प्रोग्राम के विरोध में उन्हें जेल भी रहना पड़ा था I इससे कहा जा सकता है कि विनोद जाखड़ आरएसएस के घोर विरोधी हैं, जिसका फायदा जाखड़ को एनएसयूआई का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने में मिला I
कांग्रेस की रणनीति:-
कांग्रेस पार्टी की रणनीति अब बदली हुई नजर आने लगी है I कांग्रेस में अब संगठनों में नए तरीके से नियुक्तियां की जा रही हैं I कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस अब दलित आदिवासी एवं पिछड़ी जातियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को तवज्जो दी जा रही है I कांग्रेस में सवर्ण जातियों का वर्चस्व समाप्ति की ओर है I कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि सवर्ण जातियां अब केवल भाजपा को पसंद करती हैं I इसलिए कांग्रेस ने बहुसंख्यक दलित, आदिवासी एवं पिछड़ों की ओर फोकस किया है I राजस्थान प्रदेश में पहली बार पिछड़ा वर्ग से कांग्रेस अध्यक्ष और दलित वर्ग से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं I इसलिए यह कहा जा सकता है कि कांग्रेस में तेजी से बदलाव हो रहे हैं I पार्टी के लिए यह कितना फायदेमंद होगा भविष्य में ही पता चलेगा I
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
