दी बार एसोसिएशन वक्फ के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
-समारोह के मुख्य अतिथि न्यायाधिपति मनीष शर्मा थे
जयपुर (रॉयल पत्रिका)। दी बार एसोसिएशन वक़्फ़ जयपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह और नवनिर्मित एडवोकेट शेड का उद्घाटन समारोह जयपुर में भव्यता के साथ आयोजित किया गया। राजस्थान उच्च न्यायालय (पीठ जयपुर) के माननीय न्यायाधिपति मनीष शर्मा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश व राजस्थान वक्फ अधिकरण की चेयरमैन अनुपमा राजीव बिजलानी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में आदर्श नगर विधायक रफीक खान, राजस्थान मुस्लिम वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. खानू खान बुधवाली और सीनियर एडवोकेट सैयद शाहिद हसन उपस्थित रहे।
एडवोकेट शेड का उद्घाटन और शपथ ग्रहण
मुख्य अतिथि न्यायाधिपति मनीष शर्मा ने वक्फ बोर्ड कार्यालय में रिबन काटकर और शिलालेख पट्टी का अनावरण कर एडवोकेट शेड का विधिवत उद्घाटन किया। चुनाव कमेटी (सुनील माथुर, अंसार अहमद और अहमद सत्तार) द्वारा ‘वन बार वन वोट’ के नियमों के तहत चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराते हुए अब्दुल वाहिद नकवी को अध्यक्ष और मोहम्मद असलम खान को महासचिव सहित 12 सदस्यीय कार्यकारिणी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। मुख्य अतिथि ने सभी को पद की शपथ दिलाई।
वक्फ संपत्तियों के संरक्षण और सुविधाओं पर चर्चा
न्यायाधिपति मनीष शर्मा ने वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अतिक्रमण और अवैध कब्जों के कारण जनकल्याण का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है। उन्होंने उदाहरण दिया कि जो संपत्तियां बहुत कम किराए पर हैं, उनका सब-लेट कर दुरुपयोग किया जा रहा है। वहीं, अनुपमा राजीव बिजलानी ने अधिकरण में कर्मचारियों की कमी और संसाधनों के अभाव की समस्याओं से अवगत कराया।
प्रमुख घोषणाएं और सम्मान
-
विधायक कोष से मदद: आदर्श नगर विधायक रफीक खान ने एडवोकेट शेड के विकास के लिए अपने कोष से 20 लाख रुपए देने की घोषणा की।
-
सम्मान: दी बार एसोसिएशन वक्फ जयपुर के सीनियर उपाध्यक्ष इकरामुल्लाह खान को उनकी सेवाओं के लिए साफा, माला और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
ये रहे उपस्थित
समारोह में राजेंद्र सोगरवाल, दीपेश शर्मा, सोमेश शर्मा, उमेश चौधरी, संदीप शर्मा, मनोज वर्मा, शमीम कुरैशी सहित बड़ी संख्या में बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष, महासचिव और सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में दाल-बाटी-चूरमा के प्रीतिभोज का आनंद लिया।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
