5 फरवरी को एक दिवसीय सुन्नी इज्तिमा जयपुर में
तालीमी बेदारी व इस्तिकबाल-ए-माहे रमज़ान पर होंगे व्याख्यान
जयपुर (रॉयल पत्रिका)। अंजुमन मोहिब्बाने अहलेबैत के तत्वावधान में ख्वाजा नगर, अमृतपुरी, घाटगेट जयपुर में स्थित मदरसा गुलशन-ए-हुसैन में ‘तकमीले नाजिराह कुरआन’ पर एक दिवसीय तालीमी बेदारी समारोह मनाया जाएगा। जिसमें देशभर से इस्लामिक विद्वान शामिल होंगे तथा विषयवार व्याख्यान देंगे।
कार्यक्रम की रूपरेखा और नेतृत्व
कार्यक्रम आयोजक काज़ी-ए-अहले सुन्नत मौलाना काज़ी वली मोहम्मद शेरी (खतीबो इमाम) ने बताया कि 5 फरवरी को रात 8 बजे गरीब नवाज़ चौक, ट्रांसपोर्ट नगर, जयपुर में तालीमी बेदारी इज्तिमा आयोजित होगा।
यह कार्यक्रम मुफ्ती-ए-शहर जयपुर खलीफा-ए हुजूर ताजुशशरीअह हज़रत अल्लामा मुफ्ती अब्दुस सत्तार साहब राज़वी की सरपरस्ती में होगा। अध्यक्षता अता-ए-हुजूर हाफिज़-ए मिल्लत खलीफा ए हुजूर ताजुशशरीअह हज़रत अल्लामा कारी मोहम्मद एहतेराम आलम साहब अज़ीजी मिस्बाही करेंगे।
प्रमुख वक्ता और विचार
इस इज्तिमा में मुख्य अतिथि इस्लामी स्कॉलर हज़रत मौलाना सैय्यद सुल्तान चिश्ती साहब (अजमेर-ए-मोअल्ला), पूर्व मदरसा बोर्ड चेयरमैन हज़रत अल्लामा मौलाना मोहम्मद फज़ले हक और हज़रत अल्लामा मौलाना अंसारूल कादरी साहब (अजमेर शरीफ) शामिल होंगे।
ये विद्वान हुजूर की सीरत व अता-ए-रसूल ख्वाजा गरीब नवाज़ की जीवनी पर विस्तार से विचार व्यक्त करेंगे। साथ ही उनके जीवन यापन के सुन्नत तरीके एवं व्यवहारिक जिंदगी के बारे में बताते हुए उपस्थित विशाल जन समूह को संबोधित करेंगे।
शिक्षा और आधुनिकता पर जोर
इसके अलावा हज़रत मौलाना सद्दाम हुसैन साहब राज़वी (बरेली शरीफ), मुफ्ती हैदर अली मदनी (मुम्बई) और अन्य उलेमा भी शिरकत करेंगे। वक्तागण अजमते कुरआन, फज़ाइले माहे रमज़ान, इस्लाम की बुनियादी व अखलाकी तालीम के साथ-साथ समाज में मॉडर्न एजुकेशन पर विस्तार से रौशनी डालेंगे।
11 विद्यार्थियों ने मुकम्मल किया कुरआन
वार्ड नम्बर 88 के पार्षद रईस कुरैशी ने बताया कि अलहम्दुलिल्लाह इस मुबारक मौके पर मदरसा गुलशन-ए-हुसैन में ज़ेरे तालीम 11 तलबा व तालिबात ने तकमीले नाज़िराह कुरआन-ए-मजीद किया है।
विशेष रूप से अज़ीज़ा रिदा फातिमह बिनते मोहम्मद इरफान अंसारी ने महज 6 साल की उम्र में तजवीद व मखारिज के साथ नाजिराह कुरआन-ए-पाक मुकम्मल किया है।
इनाम वितरण और समापन
हाजी अब्दुल हमीद साहब नूरी और अन्य गणमान्य लोगों ने बताया कि अंजुमन मोहिब्बाने अहलेबैत की जानिब से इन सबको इनामात से नवाज़ा जाएगा। इस सुन्नी इज्तिमा का समापन सलातो सलाम व खुसूसी दुआ के साथ होगा।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।

तालीमी बेदारी व इस्तिकबाल-ए-माहे रमज़ान पर होंगे व्याख्यान