इस्लाम में जाति व्यवस्था की व्यापकता: दलित मुसलमानों का परिप्रेक्ष्य
जाति-व्यवस्था भारतीय समाज का अनावृत्त यथार्थ है। भारतीय हिंदू समाज की सामाजिक संरचना का वर्ण और जाति व्यवस्था के बगैर विश्लेषण करना अधूरा है। विश्व के प्रत्येक समाज में सामाजिक स्तरीकरण का अभिव्यक्तिकरण दिखायी पड़ता है। परंपरागत पश्चिमी समाज या मध्यकालीन पश्चिमी समाज कुलीन, पादरी और सामान्यजनों में विभक्त समाज था वही आधुनिक पश्चिमी सभ्यता/समाज वर्गीय और प्रजातीय आधार पर स्तरीकृत है। जब भारतीय समाज के विशेष संदर्भ में बात करें तो हम पाते है कि प्राचीन भारत में वर्ण व्यवस्था के आधार पर सामाजिक संरचना संचालित होती थी कालांतर में विभिन्न कारणों के सम्मिलित परिणाम स्वरूप वर्ण व्यवस्था जाति-व्यवस्था में तब्दील हो गयी । जाति व्यवस्था पूरी तरह से संस्तरण पर आधारित व्यवस्था है जिसमे पूरी सामाजिक संरचना को उच्च और निम्न कोटियों में विभाजित कर दिया गया और इस स्तरीकृत व्यवस्था में जैसे जैसे ऊपर की तरफ़ बढ़ते है विशाधिकारों में वृद्धि होती जाती है अर्थात् उच्च जातियों को विशेषाधिकार प्राप्त होता है।
भारतीय समाज की इस अनन्य विशेषता ने यहाँ के मूल निवासी समुदायों के साथ-साथ बाहर से आए सांस्कृतिक -धार्मिक समुदायों के समाजों को भी पर्याप्त मात्र में प्रभावित किया है। जैसा की हम जानते है इस्लाम का आगमन भारतीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण चरण है। इस्लाम का भारतीय उपमहाद्वीप में आगमन एक लंबी प्रक्रिया का परिणाम था, जो मुख्यतः व्यापार, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सूफी संतों के प्रभाव और अंततः तुर्क-अफगान आक्रमणों से जुड़ा हुआ। इस्लाम जाति, रंग, भाषा, लिंग या वर्ग के आधार पर किसी भी प्रकार के भेदभाव को अस्वीकार करता है। इस्लामी समाज वर्ग विहीन व्यवस्था को स्वीकार करता है। हदीस के अनुसार, “अरब को गैर-अरब पर और गोरे को काले पर कोई श्रेष्ठता नहीं है, सिवाय उनकी धार्मिकता (तक़वा) के।” इस्लाम में श्रेष्ठता केवल ईश्वर-भक्ति और नेक कर्मों के आधार पर मानी जाती है। उपर्युक्त कथन के आलोक में जब हम भारतीय मुस्लिम समुदाय का अवलोकन करते है तो हम पाते है कि भाईचारे और समानता पर धार्मिक व सैद्धांतिक आग्रह के बावजूद, भारतीय मुस्लिम समुदाय उपमहाद्वीप के व्यापक सामाजिक-सांस्कृतिक पदानुक्रमों को दर्शाता है, जो बहुसंख्यक हिंदू समाज के जाति व्यवस्था से सदृश्यता कायम रखता है और सामाजिक-आर्थिक और राजनीतिक वास्तविकताओं को निर्धारित करना जारी रखता है। भारतीय मुसलमानों के बीच जाति व्यवस्था, हालांकि इस्लामी सिद्धांतों द्वारा स्वीकृत नहीं है, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक कारकों में गहराई से निहित है। भारतीय आबादी के बड़े हिस्से का इस्लाम में धर्मांतरण जाति-आधारित समाज के ढांचे के भीतर हुआ। नतीजतन, पहले से मौजूद सामाजिक पदानुक्रम इस्लामी सामाजिक व्यवस्था में समाहित हो गए, जिससे एक जटिल स्तरीकरण बना जो आज भी कायम है। मुसलमानों के बीच आर्थिक और सामाजिक गतिशीलता पर गहरा प्रभाव पड़ता है। संसाधनों, शिक्षा और अवसरों तक पहुँच की कमी के कारण अजलाफ और अरज़ाल गरीबी और हाशिए के दुष्चक्र में फँसे हुए हैं। उदाहरण के लिए, कई निचले तबके के मुसलमान कम वेतन वाली नौकरियाँ करना जारी रखते हैं जो उनकी सामाजिक-आर्थिक हीनता को और मजबूत करती हैं। उनकी आर्थिक कमज़ोरी शिक्षा से वंचित होने के कारण और भी बढ़ जाती है, जो अंतर-पीढ़ीगत असमानताओं को और भी गहरा करती है। सच्चर समिति की रिपोर्ट ने मुस्लिम पिछड़ेपन की सीमा को उजागर किया, जिसमें खुलासा किया गया कि भारतीय मुसलमान शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और रोज़गार तक पहुँच के मामले में सबसे वंचित समुदायों में से हैं। हालाँकि, रिपोर्ट ने समुदाय के भीतर आंतरिक स्तरीकरण को भी उजागर किया, जिसमें दिखाया गया कि निचले तबके के मुसलमान अपने उच्च जाति के समकक्षों की तुलना में काफी बदतर स्थिति में हैं। इन निष्कर्षों के बावजूद, मुस्लिम समुदाय के भीतर जाति-संबंधी असमानताओं को अक्सर नीतिगत चर्चाओं में अनदेखा कर दिया जाता है, जिससे उनकी अदृश्यता बनी रहती है। भारतीय मुसलमानों को एक अखंड, समरूप समुदाय के रूप में देखने की धारणा अक्सर समुदाय के भीतर समृद्ध विविधता और गहरी असमानताओं को अतिरंजित कर देती है।
भारत राष्ट्र के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार और मूर्त रूप देने के लिए आवश्यक है कि हर वर्ग और समुदाय के हाशिए के समूह को मुख्यधारा में शामिल किया जाय और उनके उत्थान के मार्फ़त राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य को हासिल किया जाय । इसलिए यह समय की माँग है कि दलित-पसमंदा मुसलमानों को सकारात्मक कार्यवाही के दायरे में शामिल किया जाय । मंडल आयोग (1980) ने कुछ मुस्लिम समुदायों को अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के रूप में मान्यता दी, जिससे उन्हें कुछ हद तक सकारात्मक कार्रवाई मिली। हालाँकि, ओबीसी श्रेणी के तहत मिलने वाले लाभ एससी को मिलने वाले लाभों से कम हैं और कई दलित मुसलमान इससे वंचित रह जाते हैं। रंगनाथ मिश्रा आयोग (2007) ने अनुसूचित जाति के दर्जे को धर्म-तटस्थ बनाने की सिफारिश की थी, लेकिन यह प्रस्ताव अभी तक लागू नहीं हुआ है। दलित मुसलमानों को दोहरे भेदभाव का एक अनूठा रूप झेलना पड़ता है, जहाँ उनकी जातिगत पहचान धार्मिक हाशिए पर होने से जुड़ी हुई है। सबसे पहले, सरकार को रंगनाथ मिश्रा आयोग की सिफारिशों पर काम करना चाहिए ताकि एससी दर्जे को धर्म से अलग किया जा सके। ऐसा कदम यह सुनिश्चित करेगा कि दलित मुसलमानों को अन्य दलित समूहों के समान सुरक्षा और अवसर प्राप्त हों। दूसरा, अजलाफ और अरज़ल की विशिष्ट कमज़ोरियों को दूर करने के लिए लक्षित हस्तक्षेप की आवश्यकता है, जैसे छात्रवृत्ति, कौशल विकास कार्यक्रम और स्वास्थ्य सेवा और आवास तक पहुंचे । मुस्लिम समुदाय के भीतर, धार्मिक नेताओं और विद्वानों को उन जातिगत पूर्वाग्रहों का सामना करना चाहिए जो समानता के इस्लामी लोकाचार का खंडन करते हैं।
भारतीय इस्लाम में जाति व्यवस्था मुस्लिम समुदाय के समरूप दृष्टिकोण को चुनौती देने और इसकी आंतरिक विविधताओं और असमानताओं को पहचानने की आवश्यकता को रेखांकित करती है। इन असमानताओं को संबोधित करना न केवल एक नैतिक अनिवार्यता है, बल्कि सभी नागरिकों के लिए न्याय, समानता और भाईचारे के सिद्धांतों को बनाए रखने का संवैधानिक कर्तव्य भी है। मुस्लिम समजातीयता के मिथक को तोड़कर और उनके मध्य असमानता के यथार्थ को स्वीकार करके उसका शमन करने के प्रण से ही सही मायनों में हम समावेशी समाज की ओर बढ़ सकते हैं।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
