BJP-JDU की आंधी में ओवैसी ‘बाजीगर’, 5 सीटें जीतीं; 8 पर RJD का खेल बिगाड़ा, तेजस्वी की एक ज़िद भारी पड़ी
बिहार में NDA की सुनामी, RJD तबाह
पटना । बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में NDA (बीजेपी-जेडीयू) ने 202 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल किया है। इस आंधी में 2020 में 75 सीटें जीतने वाली RJD इस बार महज़ 25 सीटों पर सिमट गई। लेकिन इस ‘भगवा’ लहर के बीच असली ‘बाजीगर’ बनकर उभरे हैं असदुद्दीन ओवैसी। AIMIM ने न सिर्फ अपनी 5 सीटें बरकरार रखीं, बल्कि महागठबंधन को कम से कम 8 सीटों पर सीधा नुकसान पहुँचाया।
‘बच्चों की तरह मत रोना’: जब तेजस्वी ने ठुकराया था ओवैसी का ऑफर
चुनाव से पहले की एक बात आज नतीजों पर भारी पड़ गई। असदुद्दीन ओवैसी, RJD के साथ गठबंधन करना चाहते थे और उन्होंने सीमांचल में सिर्फ 6 सीटों की मांग की थी। लेकिन तेजस्वी यादव इसके लिए राजी नहीं हुए। तब ओवैसी ने तेजस्वी को नसीहत दी थी- “चुनाव के बाद बच्चों की तरह सिसक-सिसक कर मत रोना।” आज यह बात सच साबित होती दिख रही है।
सीमांचल में 5 सीटों पर AIMIM का कब्जा
ओवैसी की AIMIM ने उन सभी 5 मुस्लिम बहुल सीटों पर दोबारा जीत हासिल की, जो 2020 में जीती थीं। यह जीत इसलिए भी बड़ी है, क्योंकि 2020 में जीते 5 में से 4 विधायक (अमौर को छोड़कर) RJD में शामिल हो गए थे। RJD को लगा कि ये जीत उम्मीदवारों की थी, लेकिन AIMIM ने नए चेहरों के साथ ये सीटें (अमौर, कोचाधामन, बहादुरगंज, जोकीहाट, बायसी) जीतकर साबित कर दिया कि यह पार्टी की ज़मीनी पकड़ है।
RJD का ‘MY’ समीकरण फ्लॉप
AIMIM का स्ट्राइक रेट (28 में से 5) RJD (143 में से 25) से कहीं बेहतर रहा। AIMIM प्रवक्ता जसीम के मुताबिक, RJD ने मुस्लिम वोटबैंक को हल्के में लिया और उनका ‘MY’ (मुस्लिम-यादव) समीकरण पूरी तरह फ्लॉप रहा। 4 विधायकों को ‘खरीदने’ के RJD के प्रोपेगैंडा को जनता ने इस बार नकार दिया है।
8 सीटें, जहाँ AIMIM ने RJD को ‘हरवाया’
AIMIM सिर्फ 5 सीटें जीती ही नहीं, बल्कि उसने ‘वोट-कटवा’ की भूमिका निभाते हुए 8 सीटों पर महागठबंधन का खेल बिगाड़ दिया। इन सीटों पर AIMIM को मिले वोट, हार-जीत के अंतर से कहीं ज़्यादा थे। प्राणपुर: RJD 7,752 वोटों से हारी, जबकि AIMIM को 30,163 वोट मिले।
कसबा: कांग्रेस 12,875 वोटों से हारी, जबकि AIMIM को 35,309 वोट मिले।
केवटी: RJD सिर्फ 7,305 वोटों से हारी, और AIMIM को 7,474 वोट मिले।
इसके अलावा गोपालगंज, महुआ, शेरघाटी, और दरभंगा ग्रामीण में भी AIMIM ने RJD-कांग्रेस के वोट काटकर NDA की जीत आसान कर दी।
एक्सपर्ट्स ने कहा- ‘ओवैसी की जीत बाजीगर वाली’
पॉलिटिकल एक्सपर्ट प्रियदर्शी रंजन इसे ‘बाजीगर वाली जीत’ मानते हैं। उनका कहना है कि 4 विधायकों के पार्टी छोड़ने के बाद भी उन्हीं सीटों पर नए चेहरों से जीतना यह साबित करता है कि सीमांचल में RJD और कांग्रेस से ज़्यादा मज़बूत पकड़ AIMIM ने बना ली है। तेजस्वी यादव का 6 सीटों का ऑफर ठुकराना, RJD की 25 सीटों पर सिमटने की बड़ी वजहों में से एक बन गया।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
