जाम हुआ बेलगाम, बस स्टैंड से बाजार तक वाहनों की लंबी कतारें
-पुलिस ने पसीना बहाकर खुलवाया रास्ता, व्यापारियों में आक्रोश
मनोहरपुर (रॉयल पत्रिका)। कस्बे में त्योहारों की रौनक के बीच शनिवार को मनोहरपुर जाम की समस्या से कराह उठा। जयपुर–शाहपुरा मार्ग, शाहपुरा–जयपुर रोड, मुख्य बाजार, बस स्टैंड से खोरा रोड तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घंटों तक यातायात पूरी तरह से जाम रहा, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। देखा गया है कि त्योहार पर खरीदारी करने और पूजा सामग्री लेने आए आसपास के गांवों व ढाणियों के लोग जैसे ही बाजार पहुंचे, सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते हालात बिगड़ गए। इस बीच, मनोहरपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद जाम में फंसे वाहनों को बाहर निकलवाया और यातायात को सुचारू कराया। व्यापारियों का कहना है कि मनोहरपुर में आए दिन जाम लगना आम बात हो गई है। ग्राहकों को बाजार तक पहुंचने में दिक्कत होती है, जिससे व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। कई बार सीएलजी मीटिंग और नगर पालिका बैठकों में बस स्टैंड से गांधी चौक तक सड़क चौड़ीकरण की मांग उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय विधायक मनीष यादव ने भी जाम की गंभीरता पर चिंता जताई थी और समाधान का आश्वासन दिया था, परंतु स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क चौड़ीकरण और ट्रैफिक प्रबंधन की ठोस योजना नहीं बनी, तो त्योहारों और बाजार के दिनों में मनोहरपुर शहर का जाम लोगों की रोज़मर्रा की मुसीबत बन जाएगा।
सलाह:- राहगीरों ने बताया कि जिन दुकानों पर सामान खरीदने के लिए जो ग्राहक आते है वो अपने साथ लाए हुए वाहनों को भी दुकान के सामने ही खड़े कर देते है जिससे जाम लगने की सम्भावना बढ़ जाती है। अगर व्यापारी उनके वाहनों को खुली जगह पर खड़ा करवाए तो जाम नही लगेगा।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
