अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर “रन फॉर वोट” मैराथन का आयोजन
अंता में बालिकाओं ने दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश
शब्बीर हुसैन
बारां (रॉयल पत्रिका)। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार 11 अक्टूबर को अंता के सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम में जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत “रन फॉर वोट मैराथन” का आयोजन किया गया। मैराथन का शुभारंभ जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु भी मौजूद रहे। उन्होंने उपस्थित जनों से आगामी मतदान दिवस 11 नवंबर को अंता विधानसभा उपचुनाव में शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लेते हुए धर्म, जाति, वर्ग, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मतदान करने की अपील की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बालिकाओं का सक्रिय योगदान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बालिकाओं से आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर बनें, शिक्षा को अपनी प्राथमिकता रखें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। सुबह 7:30 बजे शुरू हुई इस मैराथन में लगभग 1200 प्रतिभागियों, विशेष रूप से बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने 5 किलोमीटर की दूरी पूरी कर मतदाताओं को “वोट अवश्य करें” का संदेश दिया। मैराथन उपखंड अधिकारी कार्यालय से प्रारंभ होकर सीसवाली तिराहे से होते हुए स्टेडियम में समापन हुआ। सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप राजवीर सिंह चौधरी ने बताया कि यह आयोजन मतदाता जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण है, इसके माध्यम से मतदाताओं का मतदान के प्रति उत्साह उत्पन्न किया जा रहा है। इस अवसर पर एएसपी राजेश चौधरी, एसीईओ हरीश चन्द मीणा, उपखंड अधिकारी हवाई सिंह यादव, सहायक निदेशक सतीश परिहार “हमारी लाडो” संस्था की संस्थापक प्रेमलता पूनिया सहित अन्य मौजूद मौजूद रहे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
