Loading...

हेरिटेज वार्ड 80 में पानी संकट, गंदगी और सीवरेज जाम से लोग परेशान, निगम का झूठा दावा

Follow us

Share

हरी चौधरी

जयपुर (रॉयल पत्रिका) I जयपुर के वार्ड नंबर 80, जो नगर निगम के पुनर्गठन के बाद वार्ड 118–119 में शामिल हो चुका है, में मूलभूत सुविधाओं को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पिछले एक महीने से कचरा उठान नहीं हुआ I  12–15 दिनों से पानी की सप्लाई ठप है और सीवरेज चैंबर ओवरफ्लो होने से सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है। वहीं नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सफाई और जेटिंग का कार्य लगातार कराया जा रहा है। लेकिन वही मोहम्मद नामक स्थानीय निवासी ने बताया कि कई बार नगर निगम और पार्षद को शिकायत दी गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि “सीधे चौक में कचरा पड़ा है, 15 दिन से पानी नहीं आया। पाइपलाइन टूट गई है। कॉल करने पर अधिकारी आश्वासन देते हैं, पर काम नहीं होता।”

क्षेत्र की महिलाओं ने भी पीने के पानी की किल्लत और खुले सीवरेज से बच्चों के गिरने का खतरा बताया। एक अन्य निवासी आकिब अली के अनुसार, “कई बार पार्षद और अधिकारियों के पास गए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। टैंकर और बोरिंग से काम चलाना पड़ रहा है।”

पार्षद पर फोन न उठाने का आरोप-

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के पार्षद पारस जैन पर फोन न उठाने और मौके पर न आने का आरोप लगाया। मीडिया के सामने भी कॉल करने पर फोन रिसीव नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय ही जनप्रतिनिधि सक्रिय नजर आते हैं। यह वार्ड आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में आता है I कोंग्रेसी पार्षद पारस जैन विधायक रफ़ीक़ खान के चहेते बताए जा रहे हैं I

स्कूल के पास गंदगी, बच्चों पर खतरा-

क्षेत्र में एक स्कूल के पास गड्ढों और गंदगी की स्थिति गंभीर बताई गई है। अभिभावकों का कहना है कि बदबू और गंदे पानी से बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विधायक निधि से भी अब तक कोई ठोस कार्य नहीं हुआ।

निगम का पक्ष: “पूरी रात चला सफाई अभियान”

निगम अधिकारियों ने बताया कि पुनर्गठन के बाद यह क्षेत्र वार्ड 119 में आता है। अधिकारियों के अनुसार, “पिछले दो दिनों से रात में मिनी जेटिंग मशीनों से सफाई करवाई गई है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण नियमित है। सीवरेज की समस्या के लिए अलग वाहन और सुपर सकर मशीन तैनात की गई है।”

अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि किसी विशेष स्थान पर समस्या है तो क्षेत्रवासी व्यक्तिगत रूप से मिलकर शिकायत दर्ज कराएं, प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।

#सवाल बरकरार

जमीन पर बदहाल हालात और अधिकारियों के दावों के बीच सच्चाई क्या है, यह बड़ा सवाल बन गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ऐप और कागजी कार्यवाही से अलग धरातल पर स्थिति गंभीर है। अब देखना यह है कि नगर निगम और जनप्रतिनिधि कब तक इस समस्या का स्थायी समाधान करते हैं।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।