ईद से पहले मस्जिद में हादसा, जयपुर फिरदौस मस्जिद की दीवार गिरने से मची अफरा-तफरी
नमाज़ के दौरान गिरा दीवार का हिस्सा
जावेद अख्तर
जयपुर (रॉयल पत्रिका) I राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब नमाज़ के दौरान मस्जिद की बालकनी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। यह घटना शहर के भट्टा बस्ती क्षेत्र में स्थित फिरदौस मस्जिद में हुई, जहां जुमे की नमाज़ के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। दीवार गिरने से अचानक अफरा-तफरी मच गई और कई नमाज़ी मलबे के नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की और मौके पर हड़कंप मच गया।
मलबे में दबे लोग, कई घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब नमाज़ समाप्त होने के बाद लोग मस्जिद से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पहली मंजिल की गैलरी की लगभग चार से पांच फीट ऊंची दीवार अचानक टूटकर नीचे गिर गई। दीवार के गिरते ही ईंट-पत्थर नीचे खड़े लोगों पर आ गिरे, जिससे कई लोग घायल हो गए और कुछ समय के लिए वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में जारी घायलों का इलाज
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को पहले पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार करीब 15 से 20 लोग इस हादसे में घायल हुए हैं। इनमें से कई लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है।
नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे की सूचना मिलते ही विधायक बालमुकुंद आचार्य और विधायक अमीन कागजी मौके पर पहुंचे घायलों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से भी बातचीत कर घायलों के इलाज की जानकारी भर्ती लोगों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
विधानसभा में उठी मुआवजे की मांग
अमीन कागजी ने इस हादसे को लेकर विधानसभा में भी आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि इस घटना में घायल हुए लोगों को सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि ईद का त्योहार करीब है और कई घायल ऐसे हैं जो अपने परिवार के मुखिया हैं। फिलहाल वे घायल होने के कारण काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
मस्जिद कमेटी करेगी घायलों की मदद
इस बीच मस्जिद कमेटी की ओर से भी घोषणा की गई है कि जो लोग इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं, उनकी सहायता की जाएगी। कमेटी ने कहा कि जरूरतमंद घायलों और उनके परिवारों को आर्थिक मदद देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि इस मुश्किल समय में उन्हें सहारा मिल सके। वहीं प्रशासन ने भी मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
अब तक दो की मौत
सूचना के अनुसार एसएमएस अस्पताल में भर्ती घायलों में से दो की रविवार 8 मार्च 2026 तक मौत हो चुकी है I मौत की खबर सुनकर परिजनों और मुस्लिम समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई I
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
