राजस्थान में 1 अप्रेल से हो जाएंगे बड़े बदलाव, सरकार ने पूरी की तैयारी, जानें क्या-क्या बदलेगा
राजस्थान में 1 अप्रेल से कई बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ जहां हाईवे पर सफर महंगा होगा। वहीं, सरकारी अस्पतालों के समय में भी बदलाव हो जाएगा। इसके अलावा राजस्थान के स्कूलों में पहली बार नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रेल से शुरू होगा। साथ ही गर्मी को देखते हुए सफारी के समय में भी परिवर्तन होगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। इन बदलावों का सीधा असर वाहन चालकों सहित आम लोगों पर पड़ेगा।
170 से अधिक टोल प्लाजाओं पर टोल चुकाना होगा महंगा:
राजस्थान में नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों को 1 अप्रेल से अधिक टोल चुकाना होगा। प्रदेश के 170 से अधिक टोल प्लाजाओं पर दरों में बढ़ोतरी की गई है। नोटिफिकेशन के अनुसार कारों के टोल में कोई वृद्धि नहीं की गई है। ज्यादातर बढ़ोतरी कमर्शियल और भारी वाहनों के लिए की गई है, जो 5 से 30 रुपए तक है। रिंग रोड पर निजी और हल्के कमर्शियल वाहनों के लिए दरें यथावत रखी गई है, जबकि भारी वाहनों के लिए 5 से 20 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से जारी नोटिफिकेशन में जयपुर से दिल्ली जाने वाले पुराने हाईवे पर दौलतपुरा, मनोहरपुर और शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर, जबकि जयपुर-किशनगढ़ हाईवे पर ठीकरिया, बड़गांव, रिंग रोड पर सीतारामपुरा, हिंगोनिया और जयपुर-सीकर राजमार्ग पर टाटियावास टोल बूथ पर बढ़ोतरी की गई है।
वार्षिक फास्टैग के लिए 3075 रुपए देने होंगे:
कार के वार्षिक फास्टैग पास की कीमत में 75 रुपए की वृद्धि की गई है। अब यह पास 3000 रुपए के बजाय 3075 रुपए में बनेगा। इस पास के तहत एक वर्ष में 200 बार टोल पार करने की सुविधा मिलती है।
इस बार नया नया शिक्षा सत्र 1 अप्रेल से:
शिक्षा विभाग इस बार 1 अप्रेल से नया शिक्षा सत्र शुरू करने जा रहा है। स्कूलों में एक अप्रेल से 15 मई तक पढ़ाई होगी। इसके बाद तय शेड्यूल के अनुसार 16 मई से 20 जून तक गर्मियों की छुट्टी रहेगी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 21 जून से स्कूलों का संचालन फिर से शुरू होगा।
स्कूलों का समय भी बदलेगा:
इसके अलावा एक अप्रेल को नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों का समय बदल जाएगा, यह बदलाव 30 सितंबर तक रहेगा। शिविरा पंचांग के अनुसार एक अप्रेल से सरकारी स्कूलों की समय सारिणी में बदलाव होगा। एक पारी में चलने वाली स्कूल सुबह 7.30 बजे से 1 बजे तक और दो पारी में चलने वाली स्कूल सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे। प्रत्येक पारी 5.30 घंटे की होगी। वर्तमान में सभी स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक है। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक खुले रहेंगे।
रणथंभौर व सरिस्का में सफारी का समय बदलेगा:
रणथंभौर और सरिस्का टाइगर रिजर्व में 1 अप्रेल से सफारी का समय बदलेगा। नए समय के अनुसार 1 अप्रैल से मॉर्निंग शिफ्ट की सफारी सुबह 6 बजे से 9.30 बजे तक होगी। इवनिंग शिफ्ट की सफारी दोपहर 3 बजे से शाम 6.30 बजे तक चलेगी। यह समय 15 मई तक रहेगा। 16 मई से 30 जून तक शाम की पारी की सफारी दोपहर 3.30 से शाम 7 बजे तक होगी। सुबह की पारी का समय नहीं बदलेगा। अभी सफारी का समय सुबह 6:30 से 10 बजे तक और दोपहर 2:30 से शाम 6 बजे तक निर्धारित है। इसके अलावा जयपुर के आमेर में हाथी सवारी के समय में 1 अप्रेल से बदलाव होगा। अभी हाथी सवारी का समय सुबह 7 से 11.30 बजे तक है। लेकिन, 1 अप्रेल से हाथी सवारी का समय सुबह 7 से 10.30 बजे तक ही रहेगा।
सरकारी अस्पतालों का ओपीडी समय बदलेगा:
प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों का ओपीडी समय भी एक अप्रेल से बदल जाएगा। गर्मियों में ओपीडी सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगी। राजकीय अवकाश के दिन सुबह 9 से 11 बजे तक ओपीडी रहेगी। इसके बाद इमरजेंसी खुली रहेगी, जहां लोग अपना इलाज करवा सकेंगे। अभी ओपीडी का समय सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक है।
13 अप्रेल से बदलेगा अदालतों का समय:
राजस्थान हाईकोर्ट सहित प्रदेश के सभी न्यायालयों के समय में बदलाव किया गया है। आगामी 13 अप्रेल से अदालतों में ग्रीष्मकालीन समय-सारिणी लागू हो जाएगी। अदालती कार्यवाही सुबह 8 बजे से शुरू होगी। यह नई व्यवस्था 28 जून तक पूरे प्रदेश में प्रभावी रहेगी। अधिसूचना के अनुसार हाईकोर्ट में न्यायिक कार्य सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। इस बीच सुबह 10:30 से 11 बजे तक आधे घंटे का ब्रेक रहेगा। वहीं, हाईकोर्ट के कार्यालय का समय सुबह 7:30 से दोपहर 1 बजे तक तय किया गया है, जिसमें 10:30 से 10:45 बजे तक 15 मिनट का ब्रेक दिया जाएगा। प्रदेश की सभी ट्रायल या अधीनस्थ अदालतों में भी सुनवाई का समय सुबह 8 से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इन अदालतों में सुबह 10 से 10:15 बजे तक 15 मिनट का ब्रेक रहेगा। इन अदालतों के कार्यालय का कार्य सुबह 7:30 से दोपहर 1 बजे तक संचालित होगा।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
