Loading...

युवाओं के हितों पर कुठाराघात नहीं होगा बर्दाश्त- भजनलाल शर्मा

Follow us

Share

– रिक्त पदों का कलेण्डर बनाकर समय से आयोजित होंगी भर्ती

– युवाओं ने समय पर नियुक्ति मिलने पर मुख्यमंत्री का जताया आभार, कहा- सरकारी नौकरी का सपना बना हकीकत

जयपुर (रॉयल पत्रिका) । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित एवं उत्कृष्ट राजस्थान बनाने में युवा शक्ति की अहम भूमिका होगी। राजकीय सेवाओं में युवाओं को प्रदेश व समाज के जरूरतमंद वर्ग की सेवा करने एवं सकारात्मक परिवर्तन लाने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं की उम्मीदों पर खरा उतर रही है और उन्हें सरकारी नौकरियों के सुनहरे अवसर भी प्रदान कर रही है। शर्मा शनिवार को जयपुर के मानसरोवर स्थित टैगोर इंटरनेशनल स्कूल ऑडिटोरियम में प्रथम बार आयोजित हो रहे राज्य स्तरीय ‘मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव’ समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने नवनियुक्त राज्य कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उत्कृष्ट राज्यकार्य के लिए प्रेरित किया। साथ ही, सभी जिला मुख्यालयों से जुड़े नवनियुक्त कार्मिकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद भी किया। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों से 20 हजार से अधिक नवनियुक्त अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा को जब नौकरी मिलती है तो पूरे परिवार को आत्मबल की अनुभूति होती है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रेरणा लेते हुए प्रदेश में नियमित रूप से ‘मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव’ आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओें को रोजगार देने के संकल्प पत्र के वादे को पूरा करने के लिए पारदर्शी एवं समयबद्ध भर्ती परीक्षाओं का आयोजन सुनिश्चित कर रही है। शर्मा ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ ही खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए संभाग स्तर पर खेल सुविधाएं  विकसित हो रही हैं ताकि मिशन ओलंपिक के लिए युवाओं को प्रतिस्पर्धी माहौल और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं संसाधन उपलब्ध हो सकें।

इस वर्ष होंगी सरकारी नौकरियों में 70 हजार पदों पर भर्तियां—

शर्मा ने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए विभागों में रिक्त पदों एवं सेवानिवृत्ति के बाद रिक्त पदों की कलेण्डर बनाकर भर्तियां आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष विभिन्न राजकीय सेवाओं के 70 हजार पदों पर भर्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा अब तक 16 हजार 641 पदों पर नियुक्ति, 58 हजार पदों के लिए विज्ञापन जारी, 11 हजार 500 पदों के लिए परीक्षा आयोजित एवं 5 हजार 500 पदों की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

राज्य सरकार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कृतसंकल्पित

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में युवाओं के लिए बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्पित है। इस दिशा में प्रदेश में जेम्स एवं ज्वेलरी पार्क, भीलवाड़ा में टेक्सटाइल पार्क, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर तथा हैंडीक्राफ्ट पार्क स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन, निर्माण, सेवा, एमएसएमई, कृषि, गैर-परंपरागत ऊर्जा में निवेश एवं ढांचागत सुधारों के जरिये प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, स्किल डवलपमेंट के माध्यम से युवाओं में कौशल संवर्द्धन किया जाएगा।

पेपर लीक दोषियों के खिलाफ हो रही सख्त कार्रवाई—

शर्मा ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में फर्जीवाड़ा करने वाले सावधान रहें, क्योंकि प्रदेश में सरकार बदल गई है और युवाओं के हितों पर कुठाराघात करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने सरकार का गठन होते ही पेपरलीक मामलों की त्वरित जांच के लिए एसआईटी का गठन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं होंगी आईटी आधारित—

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आईटी आधारित नवाचार को अपनाया जाएगा। रोग एवं उपचार की समस्त जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकेगी, जिससे रोगी और चिकित्सक को पेशेंट हिस्ट्री सुलभता से उपलब्ध होगी।

 

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।